भगवानपुर। क्षेत्र के ग्राम छागामजरी में पानी की निकासी पर चल रहे विवाद को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी के आदेश पर तहसील प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की ओर से बंद की गई नाली को खुलवा दिया। प्रशासन ने ग्रामीणों को जल्द नाली निर्माण कराकर जल निकासी की व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। गांव में दो ग्रामीणों के बीच सड़क किनारे नाली निर्माण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। ग्रामीणों ने एसडीएम से मामले की शिकायत की। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी ने तहसील प्रशासन को मौके पर जाकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को नायब तहसीलदार जयर्कत रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन से बंद नाली को खुलवाया। नायब तहसीलदार ने बताया कि शीघ्र ही नाली व सड़क निर्माण कराया जाएगा, जिससे गांव को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।