कृषि उत्पादन मंडी समिति मंगलौर ने मंडी परिसर में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और उपभोक्ताओं को वाजिब दाम पर सब्जियां व फल उपलब्ध कराने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। मंडी सचिव देवेन कुमार के निर्देशन में विशेष सचल दलों का गठन किया गया है जो प्रतिदिन बाजार की निगरानी करेंगे।
मंडी समिति की ओर से गठित ये सचल दल प्रतिदिन प्रातः काल मंडी में आने वाली सभी प्रकार की सब्जियों और फलों के दैनिक बाजार का निरीक्षण करेंगे। इनका मुख्य कार्य यह सुनिश्चित करना है कि फुटकर व्यापारियों द्वारा फल और सब्जियां आम जनता को उचित व निर्धारित मूल्यों पर ही बेची जाएं। इससे कालाबाजारी और मनमाने दामों पर लगाम लगेगी। नियमों को सख्त करते हुए मंडी सचिव ने स्पष्ट किया कि मंडी स्थल के भीतर व्यापार करने वाले समस्त फुटकर व्यापारियों के पास वैध लाइसेंस होना अनिवार्य है। समिति यह सुनिश्चित करेगी कि सभी व्यापारियों का पंजीकरण हो। मंडी सचिव ने बताया कि समिति का मुख्य उद्देश्य किसानों और व्यापारियों के हितों की रक्षा करना है। पारदर्शी व्यवस्था से न केवल किसानों को उनके उत्पाद का सही मूल्य मिलेगा बल्कि व्यापारियों को भी लाभ होगा।