लक्सर/खानपुर। दो महीने पहले खेड़ी खुर्द में हुईं चार हत्याओं के मामले में नामजद आरोपी को छोड़ने का आरोप लगाते हुए मृतकों के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ कोतवाली के बाहर जमकर हंगामा किया। साथ ही पुलिस पर मिलीभगत कर आरोपी को छोड़ने का आरोप लगाया। मामले की शिकायत एसएसपी से भी की गई है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ी खुर्द गांव में छह मई को एक पक्ष के चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में दूसरे पक्ष के 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था, जिनमें से दस अभी फरार हैं। बृहस्पतिवार को मृतक पक्ष के लोग कोतवाली के गेट पर पहुंचे और पुलिस पर हत्या के केस में नामजद इकलाख को छोड़ने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि बुधवार रात लक्सर पुलिस की एक टीम इकलाख उर्फ लाखा को पकड़ने शामली के बाबरी थाने के बनतीखेड़ा गांव गई थी। पुलिस के साथ मृतक पक्ष के लोग भी थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और बनतीखेड़ा पुलिस चौकी ले आई थी।
आरोप है कि यहां से पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया और लक्सर आ गई। वहीं, पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह हंगामा करते रहे। बाद में मृतक पक्ष के लोग एसएसपी से मिलने हरिद्वार पहुंचे और पुलिस की शिकायत की। हंगामा करने वालों में ईशा, वसीम, फरमान, अरमान, मुस्तकीम, सलीम, दिलशाद, मोहसिन, इकबाल, रहीम, असलम, जीशान, इरफान, परवेज, तसलीम, साजिद शामिल रहे। उधर, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण पुलिस पर डराने और धमकाने का आरोप लगा रहे हैं।
--
हत्याकांड में 22 लोगों पर केस दर्ज है। इनमें से 12 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस सही कार्रवाई कर रही है। अभी जो अन्य लोग शामिल हैं, उनकी भूमिका की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-डी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस, एसएसपी, हरिद्वार