फायरिंग करने के बाद धारदार हथियारों से किया हमला, दो लोग हुए घायल
घायलों ने मेडिकल कराने के बाद पुलिस को दी तहरीर, तलाश में जुटी पुलिस
पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला करने और फायरिंग के आरोप में गंगनहर कोतवाली पुलिस ने सात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शेर सिंह राणा चौक स्थित मथुरा विहार निवासी ऋतिक चोपड़ा ने तहरीर देकर बताया कि उनके भाई रोनित का कपड़ों का कारोबार है। उनके भाई की वंश धीमान पक्ष के लोगों से करीब छह महीने से रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि चार नवंबर को दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके भाई को फोन कर विश्वकर्मा चौक पर बुलाया था।
आरोप है कि वहां पहुंचने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी थी। इसके बाद उनके भाई और उनके साथ मौजूद लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। हमले में दो लोग घायल हो गए थे। शोर होने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए तो आरोपी दोबारा मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। पीड़ित पक्ष ने घायलों का मेडिकल कराने के बाद पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने वंश धीमान निवासी विश्वकर्मा चौक रुड़की, कार्तिक सैनी निवासी बाजूहेड़ी, पिरान कलियर समेत सात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।