पुलिस ने एक महिला के साथ दुष्कर्म कर वीडियो बनाकर वायरल करने और परिजनों से अपनी गुमशुदगी खानपुर थाने में दर्ज कराकर फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने दल्लावाला यूपी से धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
खानपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपने परिवार के एक सदस्य की गुमशुदगी खानपुर थाने में दर्ज कराई थी। उसी के दो दिन बाद क्षेत्र की एक महिला ने गुमशुदा युवक पर उसे नशीला पदार्थ नींबू पानी में मिलाकर पिलाने के बाद होटल के कमरे में ले जाकर दुष्कर्म करने व वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर बार-बार शोषण करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। सोमवार को मुखबिर ने खानपुर एसओ धर्मेंद्र राठी को सूचना दी कि आरोपी युवक दल्लावाला यूपी बॉर्डर की ओर देखा गया है। सूचना मिलते ही खानपुर एसओ धर्मेंद्र राठी की अगुवाई में टीम ने मौके पर छापा मारकर आरोपी युवक अमित को धर दबोचा। खानपुर एसओ धर्मेंद्र राठी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।