मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव में पुरानी रंजिश के कारण दो पक्षों के बीच हुए पथराव और फायरिंग के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
सात जून की शाम लिब्बरहेड़ी गांव में पुरानी रंजिश के कारण दो पक्षों के बीच स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई थी। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था और दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई थी जिससे गांव में दहशत फैल गई थी। घटना के संबंध में नदीम अहमद ने पुलिस को तहरीर दी थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नौ लोगों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज की थी। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक नामजद आरोपी, शमशाद निवासी लिब्बरहेड़ी को गिरफ्तार कर लिया। मंगलौर कोतवाल भगवान सिंह मेहर का कहना है कि पथराव व फायरिंग के मामले में नामजद एक आरोपी शमशाद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।