ऑनलाइन दोस्ती के बाद एक कॉलेज की छात्रा से तीन लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता की तहरीर पर गंगनहर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गणेशपुर स्थित नीरज कुमार वर्मा ने तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी एक विश्वविद्यालय में एमबीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा है। आरोप है कि राहुल कुमार नाम के युवक ने उनकी बेटी से ऑनलाइन दोस्ती की। इसके बाद अलग-अलग माध्यमों से उससे करीब तीन लाख रुपये ले लिए। पीड़ित पिता के अनुसार, उन्होंने इस मामले में 16 अक्तूबर को साइबर सेल रुड़की में शिकायत दी थी। उन्होंने राहुल कुमार के अलावा संजय शर्मा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।