वैसे तो आम आदमी पार्टी का फिलहाल क्षेत्र में कोई जनाधार नहीं दिख रहा है, लेकिन माना जा रहा है कि भाजपा और कांग्रेस के टिकट के वंचित नेता पार्टी में शामिल होते हैं। ऐसे में आप न केवल उलटफेर कर सकती है बल्कि कुछ दलों के लिए हार का कारण भी बन सकती है। ऐसे में अब धीरे-धीरे आप को गेम चेंजर के रूप में देखा जाने लगा है। दूसरी ओर, आप के प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली विधायक दिनेश मोहनिया ने तो यहां तक दावा किया है कि कई पार्टियों के विधायक उनके संपर्क में हैं।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कुछ ही माह शेष हैं। ऐसे में जहां एक ओर पार्टियों ने मौजूदा विधायकों और दावेदारों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है तो वहीं दावेदारों ने भी टिकट के लिए गोटियां बैठानी शुरू कर दी हैं। वहीं, विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जिस तरह से आप ने एंट्री की है, उससे यह साफ है कि इस बार भाजपा और कांग्रेस को टिकट बंटवारे के दौरान फूंक-फूंककर कदम रखना होगा। सूत्रों के अनुसार, भाजपा-कांग्रेस के आलाकमान को भी इस बात की चिंता सताने लगी है कि यदि मौजूदा विधायकों और सक्रिय दावेदारों को ज्यादा दरकिनार किया गया तो वे आप से टिकट हासिल करने में परहेज नहीं करेंगे। ऐसे स्थिति में भले ही आप के प्रत्याशी जीत से दूर रहें, लेकिन वोटों के ध्रुवीकरण से दलों की जीत को हार में तो बदल ही सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि रुड़की, लक्सर, भगवानपुर, मंगलौर समेत तमाम विधानसभा क्षेत्रों में दावेदारों की नजर आप पर है, लेकिन चूंकि अभी आप के पक्ष में माहौल तैयार नहीं हो पा रहा है, इसलिए कोई अपने पत्ते खोलने के तैयार नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि ऐन मौके पर टिकट से वंचित पार्टियों के दावेदार आप का दामन थाम सकते हैं। ऐसे में आप भले ही अपनी जीत पक्की न कर पाए, लेकिन दूसरों का समीकरण जरूर बिगाड़ सकती है। वहीं, दिल्ली से आप विधायक और प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया का कहना है कि उनकी पार्टी मुद्दों के साथ चुनाव में आ रही है। जल्द ही नए चेहरे लेकर सामने आएंगे। उन्होंने दावा किया कि कई पार्टियों के विधायक उनके संपर्क में हैं।
--
अक्तूबर से शुरू हो जाएगी टिकटों की घोषणा
आम आदमी पार्टी ने अक्तूबर से विधानसभा चुनावों के लिए टिकट आवंटन का काम शुरू करने के संकेत दिए हैं। ऐसे में जहां पर पार्टी के पास पहले से ही बड़े चेहरे या सक्रिय कार्यकर्ता हैं, वहां से टिकटों की शुरुआत होगी। आप के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने बताया कि अक्तूबर से पार्टी टिकटों के आवंटन का काम शुरू कर देगी। इस दौरान पार्टी में कई नए और बड़े चेहरे भी शामिल होंगे।