आठ साल की छात्रा से युवक ने की छेड़छाड़, जमकर की धुनाई
एक युवक ने आठ साल की बच्ची से छेड़खानी कर दी। बच्ची ने घर पहुंचकर परिजनों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने आरोपी युवक को तलाश कर लिया और उसे पकड़ लिया। मौके पर जमा भीड़ ने युवक की जमकर पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, बड़ी संख्या में कॉलोनी के लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपी युवक पर कार्रवाई की मांग की। वहीं, मामला अलग-अलग समुदाय का होने पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंढेरा के पास एक कॉलोनी है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह एक आठ साल की छात्रा स्कूल जा रही थी। इस बीच ढंढेरा के ही एक युवक ने उसे रोक लिया और छेड़खानी शुरू कर दी। स्कूल से घर लौटने के बाद छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। साथ ही छात्रों ने बताया कि आरोपी युवक पिछले दो-तीन दिन से उसे परेशान कर रहा है। इसके बाद परिजनों ने छात्रा को साथ लेकर आरोपी युवक की शाम तक तलाश की। इस दौरान छात्रा ने युवक को पहचान लिया और परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने आरोपी युवकों को पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। भीड़ को आरोपी युवक की करतूत का पता चला तो वह भी भड़क गई और उसकी पिटाई कर दी। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने आरोपी युवक को सुपुर्द कर दिया। वहीं, बताया जा रहा है कि युवक समुदाय विशेष का है। जिसे लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी रोष पनप गया और वह देर शाम बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर अमर चंद शर्मा ने बताया कि बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।