मामा के घर जा रहे युवक पर कुछ लोगों ने लोहे की राॅड और लाठी से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे की बट से उसके सिर पर वार करके गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके गले में पहनी चेन भी छीन ली। पीड़ित के भाई ने गांव के ही एक युवक और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली क्षेत्र के मुबारिकपुर अलीपुर गांव निवासी प्रदुमन ने तहरीर देकर बताया कि उनका भाई प्रसिद्ध चार अप्रैल को शाम के समय अपने मामा के घर शाहपुर जाने के लिए बाइक लेकर निकला था। लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर बेगमपुल के पास वह लघुशंका के लिए रास्ते में रुका। तभी तीन बाइक पर सवार कुछ लोग लाठी-डंडे व लोहे की राॅड से लैस होकर वहां आए और हमला कर दिया।
इस दौरान एक युवक ने तमंचे की बट से उसके सिर पर वार किया। हमले में वह घायल हो गए। इस दौरान उसने एक हमलावर आरोपी विपुल निवासी ग्राम मुबारिकपुर अलीपुर को पहचान लिया। राहगीरों की भीड़ देखकर आरोपी वहां से चले गए। आरोप है कि हमलावर उसके गले में पहनी चेन भी छीनकर ले गए। जानकारी पर वह मौके पर पहुंचे और भाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद वह पुलिस के पास पहुंचे। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।