लक्सर क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। रविवार रात को लक्सर-बालावाली मार्ग पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। सोमवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे शव देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। युवक के परिजनों को सूचना देने के बाद शव को मोर्चरी भेजा गया।
सोमवार अलसुबह लक्सर - बालावाली मार्ग पर कुडी भगवानपुर गांव के पास सड़क किनारे एक युवक का शव देख राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर रायसी चौकी प्रभारी नीरज रावत मौके पर पहुंचे। यहां एक युवक का शव मिला। किसी वाहन की चपेट में आकर उसके मौत होने की बात सामने आई।
कुछ ही दूरी पर उसकी बाइक भी मिल गई। मृतक की पहचान प्रदीप (20) निवासी ग्राम कलसिया के तौर पर हुई। पुलिस के जानकारी देने पर उसके परिजन भी मौके पर आ गए। परिजन ने बताया कि प्रदीप स्थानीय फैक्टरी में काम करता था। रविवार को वह ड्यूटी पर आया था। उसकी शिफ्ट रात को 10 बजे खत्म होती है।
आशंका जताई जा रही है कि ड्यूटी से घर लौटते समय किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि प्रथम दृष्टया सड़क हादसे में युवक की मौत होने की बात सामने आई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे की जांच की जा रही है।