शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, ऊर्जा निगम ने जल्द सुधार का दिया आश्वासन
पिरान कलियर। इमलीखेड़ा नगर पंचायत क्षेत्र के माजरी गांव में सड़क किनारे लगा बिजली का पोल एक ओर झुक गया है जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। संकरी सड़क पर रोजाना स्कूल बसों और स्थानीय लोगों के वाहन गुजरते है जिससे खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह पोल काफी समय से झुका हुआ है और इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। स्कूल बस और अन्य बड़े वाहनों को पोल के पास से बेहद सावधानीपूर्वक निकाला जाता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। नगरवासी सचिन सैनी, अंकुर सैनी, हरि शंकर सैनी, गौरव सैनी, सुमित सैनी और सुखपाल सैनी ने बताया कि इस संबंध में ऊर्जा निगम के अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने झुकें हुए पोल को जल्द ठीक कराने या बदलने की मांग की है ताकि संभावित हादसे से बचा जा सके। वहीं, धनौरी उपखंड अधिकारी अश्वनी कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और अवर अभियंता को पोल ठीक कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पोल को ठीक करा दिया जाएगा।