पुलिस ने पेट्रोल पंप के स्वामी से मारपीट करने के मामले में हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उप निरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज ने मामले की जांच शुरू कर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया है।
मंगलौर कोतवाली इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि शिवम मिश्रा निवासी आकाशदीप एनक्लेव कोतवाली मंगलौर ने तहरीर देकर बताया था कि 13 जनवरी को वह गुरुकुल नारसन में स्थित अपने फिलिंग स्टेशन पर थे। तभी दो कारों में सवार होकर हमलावर तमंचे लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे और भाई कृष्ण मिश्रा के साथ मारपीट की थी।
हमलावरों ने पेट्रोल पंप पर रखे गमले भी तोड़ दिए थे और ईंट से परिसर में खड़ी गाड़ी में तोड़फोड़ की थी। शोर-शराबा होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि शकील अहमद निवासी बाईपास रोड मोहल्ला पटियापारा चांदपुर जिला बिजनौर, पंकज बिश्नोई और शमशाद समेत 15 हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।