अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर शुरू किया बचाव कार्य
रुड़की। नगर के विनय विशाल अस्पताल के पुराने आपातकालीन केंद्र में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रात 10:30 बजे सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। अग्निशमन अधिकारी वंश नारायण बहादुर के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर मोटर फायर इंजन से होज पाइप के जरिये पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। मरीज, तीमारदार और अस्पताल स्टॉफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
प्राथमिक जांच में पता चला कि आग मुख्य रूप से पुराने इमरजेंसी सेंटर की वायरिंग और फिटिंग में लगी थी जिसने तेजी से विकराल रूप ले लिया। दमकल कर्मियों ने आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया जिससे अस्पताल के बड़े हिस्से, मरीजों और विद्युत ट्रांसफार्मर को सुरक्षित बचा लिया गया। यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती, तो भारी जानमाल का नुकसान हो सकता था। घटना में आपातकालीन केंद्र की वायरिंग, फॉल सीलिंग, फर्नीचर और फिजियोथेरेपी उपकरण लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है। आग का असर चौथे तल तक की विद्युत आपूर्ति पर भी पड़ा। अग्निशमन कर्मचारियों के मुताबिक राहत की बात यह रही कि अस्पताल में भर्ती सभी मरीज, उनके तीमारदार, डॉक्टर और स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित रहे। मौके पर कोतवाली गंगनहर पुलिस बल और मंगलौर फायर यूनिट भी मौजूद रही। विनय विशाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से बचाव कार्यों में शामिल फायर कर्मियों को स्टेशन आकर सम्मानित किया गया।