टांडा मझादा गांव में झगड़े के दौरान बीचबचाव करने गए युवक के घर पर हमला कर दिया। युवक ने छत पर चढ़कर जान बचाई। आरोपियों ने घर में मौजूद युवक के चाचा और चाची पर हमलाकर दोनों को घायल कर दिया। पुलिस ने नामजद पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पांच मार्च को कोतवाली क्षेत्र के टांडा मझादा गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस बीच गांव निवासी विकास ने तहरीर देकर बताया कि घटना वाले दिन उसके चाचा गंगाराम के साथ झगड़ा होने की जानकारी उसे मिली थी। उसने अपने छोटे भाई अभिषेक को फोन कर बताया और उसे झगड़ा शांत कराने के लिए मौके पर भेजा था।
अभिषेक ने मौके पर जाकर बीच-बचाव करा दिया था। इसके बाद आरोपी टिंकू, धन्ना, प्रदीप, पंकज व नितिन लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए। उन्हें देखकर अभिषेक घर की छत पर चला गया और किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोपियों ने घर में मौजूद उसके चाचा राजकुमार और चाची सविता पर हमलाकर उन्हें घायल कर दिया। अभिषेक ने छत से अपने मोबाइल पर घटना का वीडियो बना लिया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।