क्षेत्र में डेबिट कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रकम निकालने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से नकदी और विभिन्न बैंकों के 12 डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना बड़गांव क्षेत्र के ग्राम चांदपुर निवासी संजय के रूप में हुई है। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एटीएम बूथों के आसपास खड़ा होकर बुजुर्गों और कम पढ़े लिखे लोगों की मदद करने के बहाने उनका पिन देख लेता था। इसके बाद वह चालाकी से उनका कार्ड बदलकर खातों से पैसे निकाल लेता था।
हाल ही में आरोपी ने मंगलौर क्षेत्र में एक महिला का कार्ड बदलकर उसके खाते से बड़ी रकम निकाल ली थी। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। जांच में पता चला है कि आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में ठगी और चोरी में कई प्राथमिकी दर्ज हैं। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि आरोपी का चालान कर उसे कोर्ट में पेश कर दिया गया है।