फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाड़ली में 34 नए मरीजों में डेंगू की प्रारंभिक पुष्टि

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
विज्ञापन

शहर और आसपास डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सबसे ज्यादा खतरा शहर से सटे पाड़ली गुर्जर गांव पर मंडरा रहा है। यहां बीते बुधवार को डेंगू के एक संदिग्ध मरीज की मौत के बाद बृहस्पतिवार को 34 नए मरीजों में डेंगू की प्रारंभिक पुष्टि हुई है। इससे स्वास्थ्य विभाग में खलबली की स्थिति है। विभागीय टीम ने बृहस्पतिवार को शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की। इस दौरान 98 लोगों के रक्त के नमूने लिए गए, जिसमें से प्राथमिक जांच (रैपिड) में 34 लोगों की रिपोर्ट सकारात्मक आई है। इसके बाद अब डेंगू की पुष्टि के लिए इन रक्त के नमूनों को एलाइजा जांच के लिए भेजा गया है।
पाड़ली गुर्जर गांव में डेंगू का डंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। डेंगू के कई मामले संज्ञान में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग फागिंग आदि कराकर लोगों को निजात दिलाने में जुटा था, लेकिन बुधवार को डेंगू के संदिग्ध मरीज की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पाड़ली निवासी एक युवक की प्राथमिक जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी, लेकिन एलाइजा टेस्ट रिपोर्ट आनी बाकी है। बुधवार को मरीज की देहरादून में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और मृतक के परिजनों से जानकारी जुटाई। इसके बाद शिविर लगाकर लोगों की जांच की गई, जिसमें 248 लोग पहुंचे।
विज्ञापन

इस दौरान विभागीय टीम ने बुखार से पीड़ित 98 लोगों के रक्त के नमूने लिए। इनकी मौके पर ही रैपिड जांच कराई गई, जिसमें 34 लोगों की रिपोर्ट सकारात्मक आई है। इन लोगों के रक्त के नमूनों को एलाइजा टेस्ट के लिए लैब भेजा गया है जबकि अन्य लोगों को दवाई दी गई। वहीं, विभागीय टीम ने घर-घर लार्वा की जांच की तो दस घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया। इन लोगों को डेंगू के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने गांव में फागिंग आदि कराते हुए लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक किया। टीम में एसीएमओ अशोक कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी गुरनाम सिंह, फार्मेसिस्ट सोहनलाल रौतेला, लैब टेक्नीशियन अरविंद आदि शामिल थे।
--
पाड़ली गुर्जर में डेंगू के संदिग्ध मरीजों के लिए कैंप लगाकर 98 लोगों के रक्त के नमूने लिए गए, जिनमें से प्रथम जांच में 34 लोगों की रिपोर्ट सकारात्मक आई है। इसके बाद इन लोगों के रक्त के नमूने एलाइजा जांच के लिए भेजे गए हैं। एलाइजा जांच की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
विज्ञापन

-गुरनाम सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी
--
एक माह में लिए गए 187 लोगों के नमूने
सिविल अस्पताल रुड़की में सितंबर में 187 लोगों ने डेंगू की आशंका में रक्त के नमूने दिए हैं। इनमें से करीब 80 लोगों में प्रारंभिक स्तर पर डेंगू की बात सामने आई है, जिनकी एलाइजा रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें