रुड़की। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने रुड़की में निकाय चुनाव का अघोषित रूप से बिगुल बजाते हुए कहा कि इस बार रुड़कीवासियों को मेयर पद पर निर्दलीय प्रत्याशी को जिताने का क्रम बंद कर भाजपा को जिताना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार ने नौ महीने के कार्यकाल में विकास का नया खाका तैयार किया है।
रविवार को सोलानीपुरम कालोनी में कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित अपने अभिनंदन समारोह में कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार ने जब प्रदेश में सत्ता हासिल की थी तो राज्य अव्यवस्थाओं से घिरा था। इस दौर से राज्य को बाहर निकालकर भाजपा सरकार ने विकास का नया रास्ता तैयार किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार, रुद्रपुर, देहरादून, काशीपुर और हल्द्वानी समेत कई राज्यों में रिंग रोड बनाने की योजना पर काम तेज कर दिया है। ऑल वेदर रोड बनाकर राज्य का कायाकल्प करने की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री मोदी के विजन के रूप में सामने आने लगी है। कर्णप्रयाग तक रेल पहुंचाने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। रुड़की में उन्होंने समग्र विकास का वादा करते हुए कहा कि शीघ्र कूड़े से बिजली बनाने का प्रोजेक्ट धरातल पर आने वाला है। भाजपा सरकार ने शहरों के विकास को गति प्रदान करते हुए नगर निगम और पालिकाओं का बजट बढ़ाया। पहले रुड़की निगम का वार्षिक बजट केवल पांच करोड़ रुपये था अब बढ़ाकर इसे 25 करोड़ कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के प्रति जवाबदेही है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के नेतृत्व में प्रदेश विकास के मार्ग पर अग्रसर है। झबरेड़ा के विधायक देशराज कर्णवाल ने भी भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर सफल बताया।
समारोह में वरिष्ठ नेता जेपी शर्मा, सुशील त्यागी, कल्पना सैनी मंडल अध्यक्ष सुनील साहनी, अरविंद गौतम, अजय सिंघल, अभिषेक चंद्रा, पूर्व सांसद राजेंद्र बाडी, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सागर गोयल, आदेश सैनी, अनुज जैन, महेंद्र काला, श्यामवीर सैनी, सुबोध सैनी, राखी चंद्रा, मनोज सैनी, सौरभ भूषण, सौरभ गुप्ता, दिनेश शर्मा, संजय कश्यप, पप्पू कश्यप आदि भाजपाई मौजूद रहे।
एडीबी की अव्यवस्थाओं पर नाराज हुए कौशिक
कहा, लोगों को परेशानियों से दिलाएंगे निजात
अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की।
शहर में एडीबी की ओर से पाइपलाइन डालने के काम को लेकर की जा रही खुदाई से लोगों को हो रही परेशानी को लेकर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी और काम में गुणवत्ता की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वे खुद निरीक्षण करेंगे और जहां भी कमी पाई जाएगी कार्रवाई की जाएगी।
अभिनंदन समारोह के बाद पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष जेपी शर्मा के आवास पर पत्रकारों से वार्ता में शहरी विकास मंत्री कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का निराकरण कराना है न किसी की परेशानी को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी समस्याओं को लेकर शिकायत आ रही हैं वे खुद वहां जाकर निरीक्षण करेंगे। जहां भी समस्याएं सामने आएंगी उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार के विकास के दावों के बीच एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी द्वारा मंत्री के जनता दरबार में जहर खाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शहरी विकास मंत्री ने कहा कि इस मामले की जांच कराई जा रही है। जिस तरह से एक व्यक्ति ने जहर खाया और तुरंत बाद कांग्रेसी एकत्रित हुए इसे देखते हुए प्रकरण के पीछे उकसाने की आशंका ज्यादा लग रही है।