लक्सर गन्ना विकास समिति पर आयोजित बोर्ड की बैठक में भाग लेते पदाधिकारी।
- फोटो : ROORKEE
बीमित किसानों को इस बार से प्रीमियम के रूप में 70 रुपये चुकाने होंगे। सोमवार को आयोजित गन्ना विकास समिति लक्सर की बोर्ड बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके अलावा भी बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए।
समिति की बोर्ड बैठक में सबसे पहले आय व्यय पर चर्चा की गई। समिति के विशेष सचिव गौतम सिंह नेगी ने बताया कि पिछले वर्ष किसानों का बीमा इफको टोक्यो कंपनी से कराया गया था। कंपनी ने 54 रुपये प्रति किसान की दर से बीमा किया गया था। किसानों की बीमा का समय इसी माह अंतिम सप्ताह में पूरा हो जाएगा। लिहाजा कंपनी ने अगले साल के बीमे का प्रपोजल गन्ना विकास समिति को भेजा गया है, लेकिन अभी इस बाबत समिति की बीमा कंपनी के साथ बातचीत होना बाकी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रत्येक किसान की 70 रुपये की धनराशि काटकर उसके खाते में भेजी जाएगी। बोर्ड की बैठक में मृतक सदस्यों की जगह उनके वारिस किसानों को दर्ज करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं, चारों समितियों से गन्ने की समानुपातिक खरीद और टैगिंग आदेश के मुताबिक 14 दिन के भीतर भुगतान करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। बैठक में गन्ना समिति के चेयरमैन चौधरी जितेंद्र सिंह नागर, उपसभापति देवेंद्र कुमार, सदस्य मनोज कुमार, कृष्णचंद, जोध सिंह, महिपाल सिंह, नेत्रपाल, विकास कुमार, सुदेश कुमारी, मंगलो देवी, प्रीतम सिंह, लता देवी आदि उपस्थित रहे।