ब्यूरो/अमर उजाला, पिरान कलियर
रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल और मुख्य कार्यपालक अधिकारी अब्दुल अलीम अंसारी के निर्देश पर दरगाह प्रशासन ने ठेकों की शर्तों का उल्लंघन किए जाने के मामले में टू व्हीलर पार्किंग का ठेका निरस्त कर दिया है। फिलहाल पार्किंग के ठेके पर दरगाह कर्मचारियों को नियुक्त कर दिया गया है।
पिरान कलियर दरगाह साबिर के 2018-19 मार्च में सालाना ठेकों की नीलामी के दौरान टू व्हीलर पार्किंग का ठेका करीब नौ लाख में फुरकान के नाम छोड़ा गया था। इसमें दरगाह इमाम साहब क्षेत्र का ठेका नहीं छोड़ा गया था। इसी दौरान किसी ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को दरगाह इमाम साहब में पार्किंग के नाम पर अवैध तरीके से वसूली करने की शिकायत की। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल ने पूरे मामले की जांच कराई। जांच में पार्किंग की रशीद काटते एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि पार्किंग ठेकेदार के कहने पर वाहनों की रशीद काटता है। जबकि ये ठेके की शर्तों का उल्लंघन है। मंगलवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी अब्दुल अलीम अंसारी की संतुति पर टू व्हीलर पार्किंग का ठेका निरस्त कर दिया है। अब पार्किंग के ठेके पर एक सुपरवाइजर और दो दरगाह कर्मचारियों को नियुक्त कर दिया गया है।