ब्यूरो/अमर उजाला, झबरेड़ा
किसानों ने गन्ने के बकाया भुगतान की मांग के समर्थन में इकबालपुर शुगर मिल पर महापंचायत आयोजित की। इस दौरान गन्ना विभाग के अधिकारियों की मध्यस्थता में किसानों और शुगर मिल के अधिकारियों के बीच वार्ता हुई, लेकिन भुगतान पर सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद गन्ना विभाग के अधिकारियों ने इकबालपुर पुलिस चौकी में शुगर मिल के डायरेक्टर और अधियासी के खिलाफ तहरीर दी।
बकाया भुगतान के लिए किसान बीते कई दिनों से इकबालपुर शुगर मिल के गेट पर धरना दे रहे हैं। इसी कड़ी में किसान संघर्ष समिति के आह्वान पर सोमवार को इकबालपुर शुगर मिल पर महापंचायत की गई। सुबह दस बजे से ही शुगर मिल के गेट पर किसान जुटने शुरू हो गए थे। 12 बजे तक धीरे-धीरे करीब 400 किसान मौके पर पहुंच गए। इसके बाद महापंचायत शुरू हुई। किसानों ने कहा कि जब तक बकाया भुगतान नहीं दिया जाता है, किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। महापंचायत में इकबालपुर गन्ना समिति के सचिव जय सिंह, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक दिग्विजय सिंह और विपिन कुमार आदि भी पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि वे उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार शुगर मिल के अधिकारियों से उनकी वार्ता कराने आए हैं। इस पर किसान सहमत हो गए।
शुगर मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक चौहान ने किसानों को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में चीनी बेचकर तीन करोड़ का भुगतान कर दिया जाएगा। साथ ही अगले सप्ताह फिर चीनी की बिक्री कर तीन करोड़ का भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन किसान इस पर सहमत नहीं हुए। उनका कहना था कि 15 दिन में शुगर मिल की अधिकतर चीनी बिक जाएगी, लेकिन किसानों को महज छह करोड़ का भुगतान होगा जबकि किसानों का करीब 144 करोड़ शुगर मिल पर बकाया है। किसानों ने शुगर मिल के इस आश्वासन को नकार दिया। इसके बाद गन्ना विभाग के अधिकारियों के साथ किसान जुलूस के रूप में ने इकबालपुर पुलिस चौकी पहुंचे। गन्ना विभाग के अधिकारियों ने इकबालपुर पुलिस को शुगर मिल के डायरेक्टर और अधियासी के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की। हालांकि अभी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। किसानों का कहना है कि शुगर मिल पर धरना जारी रहेगा।
ये किसान रहे मौजूद
प्रदेश अध्यक्ष पद्म सिंह, डॉ. अनिल चौधरी, महिपाल चेयरमैन, पहल सिंह पंवार, विपिन कुमार, बिरमपाल, पप्पू, नरेश कुमार, ज्ञान सिंह, सुबोध कुमार, मोहम्मद अखलाक, मोहम्मद इकराम, ओम कुमार, महिपाल, संजय, राहुल, शेर सिंह, सागर सिंह, राजेंद्र सिंह, तेजपाल सिंह, मैनपाल सिंह, रमेश चंद, सतीश कुमार, पप्पू सिंह, कीरत सिंह आदि।
गन्ना विभाग के अधिकारियों की ओर से तहरीर मिली है। इसके बाद उच्चाधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। जैसा आदेश मिलेगा, उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
-प्रदीप मिश्रा, थानाध्यक्ष, झबरेड़ा