ब्यूरो/अमर उजाला, सुलतानपुर/पथरी
श्रीलंका के कैंडी में आयोजित इंडो-श्रीलंका जूडो कराटे चैंपियनशिप-2018 में सुल्तानपुर के तिलकपुरी निवासी बेटी निर्वेश ने जापान, नेपाल, दुबई और श्रीलंका के खिलाड़ियों को हराकर स्वर्ण पदक जीता है। उत्तराखंड का नाम रोशन करने के बाद शुक्रवार दोपहर गांव पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने विजय जुलूस के साथ निर्वेश का जोरदार स्वागत किया।
तिलकपुरी गांव निवासी निर्वेश सैनी ने 14 अक्टूबर 2018 को श्रीलंका में आयोजित जूडो-कराटे चैंपियनशिप में जापान, नेपाल, दुबई और श्रीलंका के खिलाड़ियों को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया है। निर्वेश सैनी गरीब परिवार से हैं और शाहपुर के रूपराज डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। शुक्रवार दोपहर निर्वेश सैनी के गांव पहुंचने की खुशी में क्षेत्र के सैकड़ों लोग गांव के बाहर पहुंचे और वहां से ढोल नगाड़े के साथ विजय जुलूस निकालते हुए तिलकपुरी गांव पहुंचे। यहां फूल मालाओं के साथ निर्वेश का जोरदार स्वागत किया गया। माता पनीता देवी ने बताया कि निर्वेश पांच-भाई बहनों में तीसरे नंबर है। जबकि इससे छोटी एक बहन पारुल और सबसे छोटा भाई दीपक है। निर्वेश सैनी के पिता जसपाल सिंह कि करीब पांच वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से बड़े भाई दिनेश सैनी मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं।