विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हरिद्वार जिले के कुल 1638 बूथों पर मतदान होगा। इनमें से अति संवेदनशील 52 बूथों पर सीधे इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया की नजर है। इनके अलावा 65 बूथों की रिकार्डिंग के लिए 44 वीडियोग्राफर की तैनाती की गई है।
आज होने वाले चुनाव के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। गड़बड़ी की आशंका वाले क्षेत्रों और बूथों को चिह्नित कर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके तहत न सिर्फ पुलिस बल और निगरानी टीम का गठन किया गया है, बल्कि चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त की भी मतदान पर पैनी नजर है। एडीएम ललित नारायण मिश्रा ने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं। सभी सीटों में सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। उन्होंने बताया कि 52 बूथों पर कैमरे लगाए गए हैं। इसकी निगरानी इलेक्शन कमीशन आफ इंडिया करेगी।
रानीपुर विस पर वोटर देख सकेंगे अपना मत
जिले में इस बार रानीपुर विधानसभा खास होगी। यहां मतदाता न सिर्फ मतदान करेगा, बल्कि उसका मत किसको मिला यह प्रिंट आउट में देख भी सकेगा। एडीएम एलएन मिश्रा ने बताया कि जिले की 11 विधानसभाओं में से पहली बार रानीपुर में ही इस तरह की व्यवस्था की गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अलग-अलग जिलों में विधानसभाओं को चिह्नित किया गया है।