ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने कोल्हू मालिक से नकदी लूटने का प्रयास किया। लेकिन कोल्हू मालिक ने साहस का परिचय देते हुए थैला नहीं छोड़ा। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के रायसी गांव निवासी सुखबीर उर्फ कलवा पिछले कई वर्षों से गन्ना सीजन में कोल्हू चलाने का काम करता है। सुखबीर ने इस बार भी गांव के पास ही कोल्हू लगाया है। सुखबीर की मानें तो मंगलवार को उसने गन्ना खरीदने के लिए एसबीआई से लगभग दो लाख रुपये निकाले थे। रुपये थैले में रखकर बाइक से अपने कोल्हू लौट रहा था। इसी बीच पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने सुखबीर का पीछा किया। बताया जाता है कि रायसी चौराहे पर बदमाशों ने उसके थैले पर झपट्टा मारने की कोशिश की। लेकिन सुखबीर ने साहस दिखाते हुए थैला नहीं छोड़ा तथा शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण दौड़े। इस पर बदमाश फरार हो गए। इसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर चौकी इंचार्ज वंदना अग्रवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। आरोपियों की तलाश की गई लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। कोतवाल एसी शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी फुटेज खंगाली जा रही है।