स्थानीय पुलिस की मदद से यूपी एसटीएफ की टीम ने रुड़की से 50 हजार रुपये की इनामी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला को एसटीएफ अपने साथ ले गई।
पुलिस के अनुसार 2017 में संत कुटीर आश्रम नई बस्ती, यूपी के महंत सच्चिदानंद उर्फ दयानंद पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने मामले में प्रमिला उर्फ पारुल गोयल निवासी हापुड़, यूपी हाल संत कुटीर आश्रम गुड़ घाट, थाना कोतवाली सदर बस्ती यूपी को भी नामजद किया था। दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। इस पर यूपी पुलिस ने महंत सच्चिदानंद उर्फ दयानंद और पारुल पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यूपी पुलिस ने 2020 में मुख्य आरोपी महंत सच्चिदानंद उर्फ दयानंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन प्रमिला उर्फ पारुल फरार थी। महिला यूपी पुलिस को लगातार चकमा देती आ रही थी। इस बीच यूपी एसटीएफ को पारुल की लोकेशन रुड़की के रामनगर में मिली थी। बुधवार को यूपी एसटीएफ की टीम रुड़की गंगनहर कोतवाली पहुंची। वहां एसटीएफ ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ एसटीएफ ने रामनगर स्थित सोसायटी के सामने एक मकान पर छापा मारा। यहां से एसटीएफ ने प्रमिला उर्फ पारुल को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि गिरफ्तार महिला नाम बदलकर रुड़की में एक जनप्रतिनिधि के प्रतिनिधि के यहां रह रही थी। पुलिस मामले में कुछ और लोगों से पूछताछ कर सकती है। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल सिंह ने बताया कि यूपी एसटीएफ महिला को अपने साथ ले गई है।