ट्रेन में चढ़ते समय एक यात्री का मोबाइल चोरी हो गया। मोबाइल चोरी करने वाले ने पेमेंट एप की मदद से यात्री के खाते से 31 हजार रुपये भी निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के शाहगंज निवासी शामू वर्तमान में भगवानपुर के मक्खनपुर गांव में रहता है। शामू ने जीआरपी लक्सर को तहरीर देकर बताया कि 21 फरवरी को रात के समय वह रुड़की रेलवे स्टेशन पर शाहजहांपुर जाने के लिए शहीद एक्सप्रेस ट्रेन का इंतजार कर रहा था। ट्रेन में चढ़ने के दौरान किसी ने उसका मोबाइल चोरी कर लिया। इसके बाद चोरी करने वाले ने उसके मोबाइल में मौजूद पेमेंट एप का इस्तेमाल कर उसके बैंक खाते से 31 हजार रुपये भी निकाल लिए। लौटने पर उसने जीआरपी को तहरीर दी। लक्सर जीआरपी थानाध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।