लकी ड्राॅ में मोबाइल निकलने का झांसा देकर कृष्णानगर निवासी अंकित से 23 हजार रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे किसी ने फोन कर खुद को मोबाइल कंपनी का कर्मचारी बताया और एक योजना बताते हुए झांसे में ले लिया। फोन करने वाले ने बताया कि कंपनी ने सात साल पुराने ग्राहकाें के एक लिए योजना चलाई है। इसमें ग्राहकों के मोबाइल नंबर को शामिल कर मोबाइल नंबर का लकी ड्राॅ निकाला गया है। उनका भी लकी ड्राॅ निकला है।
इसके तहत कंपनी की ओर से एक लाख रुपये तक की कीमत का मोबाइल मिलेगा लेकिन वो तब जब कंपनी की कुछ औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। गंगनहर कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि पीड़ित ने झांसे में आकर कंपनी के खाते में 23 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद आरोपी ने दो दिन में पार्सल आने की बात की लेकिन तीन दिन बाद भी उसे मोबाइल नहीं मिला। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।