अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की।
आईआईटी के युवा महोत्सव ‘थोम्सो-2017’ में देश के कोने-कोने से छात्र पहुंच चुके हैं। विभिन्न भाषाओं एवं संस्कृति के संजोए छात्रों का समूह संस्थान परिसर को मिनी इंडिया की शक्ल दे रहा है। जो छात्र हिंदी बोलने में असहज महसूस कर रहे हैं, उनके लिए अंग्रेजी भाषा संवाद का जरिया बन रही है। ऐसे में छात्र देश की विभिन्न संस्कृतियों से भी रूबरू हो रहे हैं साथ ही गीत- संगीत के माहौल का भी लुत्फ उठा रहे हैं।
आईआईटी में बृहस्पतिवार की शाम को युवा महोत्सव ‘थोम्सो-2017’ का आगाज हो गया है। इस महोत्सव में शामिल होने के लिए दिन भर छात्रों के पहुंचने का सिलसिला लगा रहा। शाम तक हजारों की संख्या में छात्रों ने मल्टी एक्टिविटी सेंटर पहुंचकर रजिस्ट्रेशन कराया। इस दौरान छात्रों को थोम्सो की आचार संहिता के पालन के बारे में सख्त निर्देश दिए गए। रजिस्ट्रेशन कराने के बाद छात्रों को रहने के लिए हॉस्टल एवं गेस्ट हाउस आवंटित किए गए। छात्रों ने कैफेटेरिया पहुंचकर कॉफी और खाने पीने की चीजों का लुत्फ उठाया। विभिन्न प्रदेशों के तकनीकी संस्थानों के छात्रों का आपसी परिचय लेकर पढ़ाई समेत संस्कृति आदि के ज्ञान का आदान प्रदान किया। छात्रों ने तीन दिन तक चलने वाले कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं की भी जानकारी ली।
सुबह नौ बजे से होगा धमाल ही धमाल
हर तरफ दिखेगा म्यूजिक मस्ती और बौद्धिक प्रतिस्पर्धा का नजारा
दिन भर में आयोजित होंगे 21 तरह के इवेंट
अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की।
आईआईटी रुड़की के तीन दिवसीय युवा महोत्सव थोम्सो-2017 का शुक्रवार को सुबह दीक्षांत सभागार में विधिवत रूप से उद्घाटन होगा। इसके बाद रात तक धमाल ही धमाल मचेगा। सुबह से रात तक कुल 21 इवेंट होंगे। जिसमें छात्र अपनी-अपनी रुचि के अनुसार हिस्सा लेंगे। कोई गीत गुनगुनाएगा तो कोई रैंप पर फैशन के जलवे बिखेरेगा। कोई डांस कर प्रतिभा का लोहा मनवाएगा तो कोई मिस्टर एंड मिस थोम्सो का ताज हासिल करने के लिए हुनर प्रस्तुत करेगा।
युवा महोत्सव थोम्सो में शुक्रवार की सुबह नौ बजे मैक आडिटोरियम में वॉग प्रिलिम्स का आयोजन होगा। छात्र-छात्राएं आकर्षक परिधानों में फैशन के अंदाज प्रस्तुत करेंगे। निर्णायक विजेताओं की घोषणा करेंगे। वहीं ग्यारह बजे सरगम कार्यक्रम में छात्र म्यूजिक के साथ गायकी का हुनर पेश करेंगे। इसी दौरान एलएचसी कांप्लेक्स में कैंपस डीवा कार्यक्रम का होगा। इसमें छात्र विभिन्न थीम आधारित कार्यक्रम पेश करेंगे। वहीं सरस्वती मंदिर के प्रांगण में थोम्सो कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा परिसर में जगह-जगह छात्रों की विभिन्न टीमें नुक्कड़ नाटक पेश कर सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेश देते नजर आएंगे। यूजी क्लब के आसपास फूड स्टाल भी छात्रों के मनोरंजन का साधन बनेंगे। इसके अलावा मिस्टर एंड मिस थोम्सो और रैंप पर कैटवॉक करते फैशन की दुनिया का दीदार करने के भी सैकड़ों छात्र जुटेंगे।
ओपन माइक में दिखानी होगी कोई भी प्रतिभा
युवा महोत्सव में पहली बार किए जा रहे ओपन माइक कार्यक्रम के तहत महोत्सव में शामिल होने आए छात्रों को प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इसमें कोई भी छात्र अपनी रुचि के अनुसार गीत, नृत्य, मिमिकरी सहित किसी भी हुनर को प्रस्तुत कर सकता है। इसके लिए बड़ी संख्या में छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।