एचआरडीए की ओर से बुधवार को तहसील परिसर में सुशासन कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में 16 मानचित्र स्वीकृत किए गए और 25 मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश मिले हैं। उपाध्यक्ष सोनिका ने कैंप में अधिकारियों को कार्यालय में आने वाले आवेदनों को त्वरित निस्तारण के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से सुशासन कैंप का तहसील भगवानपुर सभागार में आयोजन किया गया। इससे पूर्व भी दो सुशासन कैंप आयोजित किए जा चुके हैं। कैंप में सचिव मनीष कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दीपक रामचंद्र सेठ, अधीक्षण अभियंता राजन सिंह, सहायक अभियंता वर्षा, प्रशांत सेमवाल, गोविंद आदि मौजूद रहे। उपाध्यक्ष सोनिका ने कहा कि सभी आवेदकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता को वास्तविक रूप से सुशासन का लाभ मिल सके।