पीएनबी से फर्जी तरीके से यूपीआई के माध्यम से खाते से 1.54 लाख रुपये निकाल लेने पर ठगी का मामला सामने आया है। बैंक की पासबुक प्रिंट कराने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिरान कलियर के सोहलपुर निवासी राम सिंह ने कलियर थाने में दी तहरीर में बताया कि सात जनवरी को वह पंजाब नेशनल बैंक पिरान कलियर की शाखा में पासबुक प्रिंट कराने पहुंचे थे। पासबुक देखने पर उन्हें पता चला कि उनके खाते से 29 नवंबर से 26 दिसंबर 2025 के बीच यूपीआई के माध्यम से 12 बार में कुल 1.54 लाख रुपये निकाले गए हैं। उन्होंने स्वयं इस तरह का कोई लेनदेन नहीं किया।
जानकारी मिलते ही उन्होंने साइबर सेल को इसकी सूचना दी और बैंक से लेनदेन का पूरा विवरण प्राप्त किया। रिकॉर्ड से स्पष्ट हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर खाते से रकम निकाली है। पीड़ित ने पुलिस से खाते से गायब धनराशि वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बैंक रिकॉर्ड और साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।