ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर। तेज गति से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बृहस्पतिवार की सुबह हरिद्वार से हरियाणा जा रही हरियाणा रोडवेज के बस ने महाड़ी के पास बाइक सवार शाहरुख निवासी चौली शाहबुद्दीन को टक्कर मारकर घायल कर दिया। बस की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा। टक्कर लगने के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। इसी दौरान किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हरियाणा रोडवेज बस को कब्जे में लेकर घायल को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि हरियाणा रोडवेज बस हिरासत में ले ली है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।