अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। कूड़ा उठाते वक्त ट्रांसफार्मर से छूने से नगर पंचायत का सफाई कर्मी झुलस गया। गंभीर हालत में
कर्मचारी को एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शनिवार को बाल्मीकि बस्ती लंढ़ौरा निवासी नगर पंचायत का सफाई कर्मी मोतीलाल पुत्र अतरु रंग महल रोड से कूड़ा उठा रहा था। कूड़ा उठाते वक्त मोतीलाल ट्रांसफार्मर से छू गया। इससे उसे करंट लग गया और वह झुलस गया। आसपास के लोगों और परिजन गंभीर हालत में उसे एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोतीलाल के तीन बच्चे हैं।
उल्लेखनीय है कि यह पहली घटना नहीं है जब करंट की चपेट में आकर किसी व्यक्ति की मौत हुई है। कस्बे के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई ऐसे ट्रांसफार्मर है तो बिना सुरक्षा जाली के स्थापित है और वे खुलेआम मौत को दावत दे रहे है।