स्कूलों में खाली सीटों पर प्रवेश की 15 मई थी अंतिम तिथि
रुड़की। रुड़की ब्लॉक में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में कमजोर व वंचित वर्ग के बच्चों के लिए निर्धारित 1541 सीटों में से अब तक 1415 छात्रों का ही प्रवेश हो पाया है। प्रथम चरण की लॉटरी प्रक्रिया में 735 बच्चों ने दाखिला लिया था, जबकि 806 सीटें खाली रह गई थीं। इसके बाद विभाग ने प्रवेश के लिए 15 मई अंतिम तिथि तय की, जिसमें 680 छात्रों ने प्रवेश लिया। इसके बावजूद 126 सीटें अब भी खाली हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कई अभिभावक समय पर दस्तावेज पूरे नहीं कर सके और कुछ परिवार स्कूलों से संपर्क नहीं कर पाए, जिसके कारण सभी सीटों पर प्रवेश नहीं हो सका। विभाग ने अभिभावकों को जागरूक करने और प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने के लगातार प्रयास किए। खाली सीटों पर प्रवेश के लिए जल्द नई तिथि जारी की जाएगी, ताकि कोई भी कमजोर छात्र शिक्षा से वंचित न रहे। संवाद