भगवानपुर के सिसौना स्थित फार्मा कंपनी के श्रमिकों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे किसान नेता पदम सिं
औद्योगिक क्षेत्र सिसौना स्थित एक फार्मा कंपनी में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन समाप्त नहीं हो रहा है।कंपनी के मुख्य गेट पर चल रहे श्रमिकों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को भी जारी रहा। प्रबंधन के रवैये और समय तय होने के बावजूद वार्ता के लिए न पहुंचने से श्रमिकों में भारी आक्रोश है। श्रमिकों के हक की लड़ाई को अब किसान संगठन का भी साथ मिल गया है। धरना स्थल पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने श्रमिकों की मांगों को जायज बताते हुए उनका समर्थन किया। कंपनी प्रबंधन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि तीन दिन पहले कंपनी प्रबंधन के साथ एक दौर की बातचीत हुई थी, जिसमें प्रबंधन ने शनिवार तक का समय मांगा था। तय समय के अनुसार जब किसान यूनियन के प्रतिनिधि और श्रमिक वार्ता करने के लिए कंपनी पहुंचे, तो प्रबंधन के जिम्मेदार कर्मचारी मौके से नदारद मिले। इस कारण वार्ता पूरी नहीं हो पाई और समस्या का कोई समाधान नहीं निकल सका। उन्होंने कहा कि यदि कंपनी मालिक अपनी हठधर्मी पर अड़े रहे, तो किसान पूरी तरह से श्रमिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और उन्हें उनका हक दिलवाकर ही दम लेंगे। वहीं, आंदोलनकारी श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती, तब तक वे कंपनी के मुख्य गेट से नहीं हटेंगे और यह अनिश्चितकालीन धरना इसी तरह जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन के दौरान संदीप, अमित, सचिन, आनंद दुबे, कल्याण सिंह, अमृत लाल, शुभम और आजाद आदि मौजूद रहे।