रुड़की। शिक्षा विभाग के सभी कार्यालयों और स्कूलों के नाम हिंदी के साथ-साथ संस्कृत में भी लिखे जाएंगे। शासन ने संस्कृत भाषा को बढ़ावा देने के लिए इस बाबत आदेश जारी कर दिए हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूलों को आदेश जारी कर दिया है। विभागीय अधिकारी आदेशों का पालन न करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैं।
अभी तक स्कूलों और शिक्षा विभाग के कार्यालयों पर नाम हिंदी में लिखे जाते हैं लेकिन, अब शासन ने कार्यालयों और स्कूलों के नाम संस्कृत में लिखने का भी फैसला लिया है। शासन ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं। विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार शासन ने ऐसा फैसला इसलिए लिया है कि ताकि संस्कृत भाषा को बढ़ावा मिले। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक ब्रह्मपाल सिंह सैनी ने बताया कि शासन से आदेश मिलने के बाद सभी कार्यालयों और स्कूलों को आदेश जारी कर दिए हैं। कुछ कार्यालयों और स्कूलों में संस्कृत में नाम लिखवा दिए हैं। उन्होंने बताया जल्द इसकी गोपनीय जांच कराएंगे।