अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर।
गंगा में आवंटित पट्टों से मानकों के विरुद्ध खनन किया जा रहा हैं। साथ ही खनन पट्टों से ओवरलोड खनन सामग्री लेकर ट्रैक्टर-ट्रालियां धड़ल्ले से गंगा के तटबंध के ऊपर से होकर गुजर रही है। इससे गंगा का तटबंध क्षतिग्रस्त हो रहा है।
सुल्तानपुर क्षेत्र के फतवा और रामपुर रायघटी गांव के सामने गंगा में प्रशासन ने करीब आधा दर्जन खनन सामग्री चुगान के पट्टे आवंटित किए हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खनन पट्टाधारक अपने पट्टों से ट्रैक्टर-ट्रालियों में 150 से 200 क्विंटल ओवरलोड खनन सामग्री निकाल रहे हैं। साथ ही एक रायल्टी पर कई-कई बार गंगा से खनन सामग्री भरकर ला रहे हैं, जो मानकों के विरुद्ध है। इसके अलावा खनन पट्टों से निकाली जा रही खनन सामग्री लेकर ट्रैक्टर-ट्रालियों से गंगा के तटबंध पर गहरे गड्ढे हो रहे हैं। बावजूद इसके प्रशासनिक अधिकारी चुप्पी साधे हैं। उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा का कहना है कि क्षेत्र में चल रहे खनन पट्टों पर नजर रखे हुए हैं। अगर कोई नियम के विरुद्ध खनन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।