पिरान कलियर। फिल्म डायरेक्टर मुजफ्फर अली ने अपनी फिल्म यूनिट के लोगों के साथ दरगाह साबिर पाक पहुंचकर अकीदत की चादर व फूल पेश कर मुल्क की शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।
पिरान कलियर दरगाह साबिर पाक में डायरेक्टर और प्रोड्यूसर मुजफ्फर अली ने चादर फूल पेशकर अमनो-अमान की दुआ मांगी। साबिर पाक दरगाह परिसर में जायरीनों के साथ कव्वाली की शूटिंग कराई। मुजफ्फर अली के साथ उनकी टीम के नदीम खान, अकबर अली, सौरभ जैन, सलमान, विकास खान, अभिनेत्री आफीफा खान और टीपू खान आदि भी मौजूद रहे। मुजफ्फर अली, उमराव जान, जानिसार अंजुमन, गमन, आगमन आदि फिल्में बना चुके हैं। मुजफ्फर अली ने कहा कि फिल्म दिलों को जोड़ने का एक माध्यम है। आज की फिल्मों में नई पीढ़ी को मारधाड़ और आतंक की राह दिखाई जा रही है जो देश की संस्कृति के लिए ठीक नही है। उन्होंने कहा कि पद्मावत पर जो फिल्म विरोधी माहौल बनाया गया वह राजनीति से प्रेरित था, इसीलिए देश की जनता ने फिल्म वालों का साथ दिया और कहा कि पद्मावत में राजपूतों की बहादुरी और बलिदान को गौरवशाली तरीके से दिखाया गया है, लेकिन फिर भी फिल्म के खिलाफ माहौल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के जीवन पर फिल्म बनाने के लिए सरकार को सही इतिहासकारों की सेवा लेनी चाहिए और देश की एकता के लिए सहयोग करना चाहिए। इस मौके पर इन फिल्म इंडस्ट्री से आए मेहमानों का स्वागत किया गया। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी, एडवोकेट नईम सिद्दीकी, सुधीर शांडिल्य, दरगाह प्रबंधक शमशाद अंसारी, सुपरवाइजर, राव शारिक अली, सिकंदर अली, हारून आदि मौजूद रहे।