मंगलौर। मोहनपुरा (रुड़की) के रोहित की हत्या के चार आरोपियों को पुलिस ने सोमवार देर शाम तांशीपुर स्थित आरोपी प्रॉपर्टी डीलर अनिल कुमार उर्फ बबलू त्यागी के घर से दबोच लिया। उसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडे और बलकटी बरामद की। साथ ही पुलिस ने दो वाहन कब्जे में लिए। छह फरार हत्यारोपियों की धरपकड़ को पुलिस दबिश दे रही है।
छह जनवरी को दिल्ली रोड स्थित पैसीफिक होटल के पास पंजाबी ढाबे में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ करते हुए एक युवक को पीट-पीट कर लहूलुहान कर दिया था। जब तक पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया तब तक उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ढाबा मालिक राव इस्तिखार की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। मृतक की शिनाख्त रोहित बौंठियाल (उम्र 23 वर्ष, पुत्र तेजराम, मोहनपुरा, रुड़की) के रूप में हुई थी। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने मंगलवार को कोतवाली में वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी तांशीपुर निवासी अनिल कुमार उर्फ बबलू त्यागी और आसफनगर निवासी प्रमोद चौधरी के बीच शराब पीने के बाद ढाबे पर मारपीट हो गई थी। उसके बाद दोनों मौके से चले गए थे। बाद में बबलू त्यागी दो गाड़ियों में अपने साथियों को लेकर ढाबे में पहुंचा और पिस्टल से हवाई फायरिंग कर ढाबे में तोड़फोड़ कर वहां खाना खा रहे रोहित पर डंडों और बलकटी से हमला कर उसे घायल कर दिया। बाद में रोहित की मौत हो गई। मंगलौर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने चार आरोपी (अनिल उर्फ बबलू त्यागी, मोनू, भूषण त्यागी और ग्राम राकूडी थाना सरियाहाट जिला दुम्का झारखंड निवासी परदेशी मोहली) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडे, बलकटी, एक स्कार्पियो और एक क्रूज गाड़ी बरामद की। एसपी देहात के अनुसार हत्या में दस लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें से चार दबोच लिए हैं और छह फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी अपराध मंजूनाथ टीसी ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की है। रोहित का किसी से कोई लेना देना नहीं था फिर भी वह बेवजह उनके गुस्से का शिकार बना।
यह हैं फरार आरोपी
सचिन, सोनू, रजत, आर्यन, रजत और कन्हैया।
पुलिस टीम में यह रहे शामिल
एसएसआई अजय कुमार, एसआई चित्रगुप्त, एसआई अशोक कुमार, एसआई प्रेम प्रकाश, एसआई मनोज कुमार, एसआई अंशु चौधरी, एचसीपी देवेंद्र भारती, कांस्टेबल मनोज, अजय, सबलचंद, रामवीर, लालसिंह, राकेश कैंतुरा, सतीश भट्ट, सोहन मेहरा, रजत, बलदेव , मनोज डोभाल और अशोक कुमार।
प्रापर्टी डीलरों के विवाद में बेगुनाह की जान गई
मंगलौर। प्रापर्टी डीलरों के आपसी झगड़े ने बेगुनाह रोहित की जान ले ली। 23 साल के रोहित के लिए ढाबे पर खाना खाना जानलेवा साबित हुआ। मृतक रोजगार की तलाश कर रहा था।
मोहनपुरा निवासी रोहित बौंठियाल 6 जनवरी की रात अपने दोस्त अतुल के साथ पंजाबी ढाबे पर खाना खाने आया था, लेकिन उसे इसका आभास नहीं था कि वह ढाबे पर अपने जीवन का आखिरी खाना खाने वाला है। तांशीपुर निवासी अनिल कुमार उर्फ बबलू त्यागी और आसफनगर निवासी प्रमोद चौधरी के बीच प्रापर्टी को लेकर चल रहे विवाद की भेंट निर्दोष रोहित चढ़ गया। दरअसल बबलू और प्रमोद के बीच शराब पीते-पीते कहासुनी हुई जिसके बाद दोनों में मारपीट हो गई। कुछ लोगों ने बीच बचाव कर विवाद रफा दफा कर दिया था, लेकिन बबलू कुछ देर बाद अपने साथ 10-11 लोगों को लेकर पहुंचा और मौके पर पिस्टल से कई हवाई फायर कर दिए। साथ ही उसने और उसके साथियों ने ढाबे पर मौजूद लोगों के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। ढाबे में खाना खा रहे रोहित और अतुल के साथ उन्होंने मारपीट कर दी। जैसे तैसे अतुल मौके से भाग निकला जबकि रोहित वहीं ढेर हो गया। 12वीं तक पढ़ा लिखा रोहित बेरोजगार था और रोजगार की तलाश कर रहा था। उसके पिता तेजराम आईआईटी रुड़की में कार्यरत हैं। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि बबलू त्यागी ने बेवजह रोहित की हत्या की है।