रानीपोखरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत इठारना-कालबन मार्ग पर एक श्रमिक की पांव फिसलने से गहरी खाई में गिरकर मौत हो गई। इठारना क्षेत्र में इठारना-कालबन मार्ग निर्माण का कार्य किया जा रहा है। शनिवार शाम एक श्रमिक का पांव फिसलने से वहीं करीब 300 मीटर खाई में गिर गया। रानीपोखरी पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ ने श्रमिक के शव को खाई से बाहर निकाला। थानाध्यक्ष विकेंद्र चौधरी ने कहा कि श्रमिक के सिर में गहरी चोट लगने के कारण मौत हुई है। श्रमिक का नाम संजय अवस्थी (28) साल निवासी हरदोई उत्तर प्रदेश है। घटना शाम सात के आसपास की है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।