खांडगांव और प्रतीतनगर में शराब का ठेेका खोले जाने से नाराज 12 दिनों से आंदोलित स्थानीय महिलाओं ने मंगलवार को रैली निकालकर आवाज बुलंद की। रैली में दोनों गांवों की सैकड़ों महिलाओं ने एकजुट होकर शराब ठेकों के खिलाफ आवाज उठाई और शराब ठेका खोलने के बजाए क्षेत्र में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग की।
खांडगांव के पंप हाउस के पास चल रहे धरनास्थल से शुरू हुई रैली नेशनल हाईवे से होते हुए वैदिकनगर, मुर्गी फार्म, डांडी, शिव चौक, हनुमान मंदिर होते हुए वापस धरनास्थल पहुंची। इस दौरान आक्रोशित महिलाओं ने रैली में शराब माफिया और सरकार की नीतियों के खिलफ जमकर नारेबाजी की।
रैली में महिलाएं हाथों में ठेका नहीं डिग्री कॉलेज चाहिए, अस्पताल चाहिए आदि स्लोगन लिखी तख्तियां लिए थीं। रैली के माध्यम से महिलाओं ने सरकार से किसी भी कीमत में गांवों के भीतर आबादी क्षेत्र में शराब के ठेके न खोलने देने की चेतावनी दी।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, उपप्रधान दीवान सिंह चौहान, पंचायत सदस्य सतपाल सैनी, मोहिनी पंवार, राजेश जुगलान, गणेश रावत, अरविंद नेगी, दर्मियान सिंह, गीता देवी, झूमा देवी, शैला देवी, सुुलोचना देवी, फ्योंला देवी, सीमा रावत, सरोजनी देवी आदि शामिल थे।