हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने बुधवार को संसदीय क्षेत्र में सांसद निधि से होने वाले विकास कार्यों की आधारशिला रखी। निशंक ने कहा कि केंद्र सरकार की उपलब्धियां ही राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का आधार बनेगी।
ब्लॉक सभागार में हुए कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद डॉ. निशंक ने संसदीय क्षेत्र की ऋषिकेश, धर्मपुर और डोईवाला विधानसभा क्षेत्रों में करीब डेढ़ करोड़ की सांसद निधि से होने वाले विकास कार्यों की आधारशिला रखी। कहा कि राज्य सरकार की कांग्रेस सरकार घोटालों और भ्रष्टाचार को बढ़ाने वाली सरकार बनकर रह गई है।
जनभावनाओं की उपेक्षा कर राज्य सरकार मनमाने फैसले ले रही है। नमामि गंगे के राष्ट्रीय संयोजक त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों से उसका पतन निश्चित है। सांसद प्रतिनिधि पुरुषोत्तम डोभाल ने बताया कि डोईवाला में 80 लाख, धर्मपुर में 65 और ऋषिकेश में 43 लाख रुपये की योजनाओं पर काम शुरू हो रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष जीतेंद्र नेगी, दिंगबर सिंह नेगी, सुभाष बड़थ्वाल, संजीव सैनी, सुशील जायसवाल, संजय ठाकुर, पंकज शर्मा, सौरभ थपलियाल, बृजभूषण गैरोला, पुरूषोत्तम डोभाल, राजेंद्र तडियाल, ज्योति सजवाण, कोमल कनौजिया, अनिता ममंगाई, दीवान सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
निशंक के साथ कार में बैठकर आए त्रिवेंद्र
डोईवाला। उप चुनाव डोईवाला में मात खाने वाली भाजपा में हरिद्वार सांसद डा.रमेश पोखरियाल निशंक और झारखंड भाजपा प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत में बने गठजोड ने विपक्षी खेमे में हलचल पैदा कर दी है। दिग्गज नेताओं की एका से भाजपाइयों में उत्साह है।
डोईवाला विधानसभा में मजबूत आधार रखने वाले हरिद्वार सांसद डा. निशंक और पूर्व कैबिनेट मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बुधवार को एकसाथ कार से उतरे तो कार्यकर्ताओं में उत्साह देखते ही बना। कभी एक-दूसरे के धुर विरोधी माने जाने वाले दोनों दिग्गज नेता अब एक-दूसरे के कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं। गौरतलब है कि 2014 में डोईवाला विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे त्रिवेंद्र रावत सीधी टक्कर में करीब छह हजार वोटों से हार गए थे। उस वक्त चर्चाएं थीं कि उपचुनाव में निशंक उदासीन रहे, जिससे यह नतीजा आया। अब एक बार फिर से विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने जा रहा है। त्रिवेंद्र रावत पूरी तैयारियों के साथ डोईवाला में खड़े हैं।