दूधली-मोथरोवाला डोईवाला मार्ग के अधूरे चौड़ीकरण से आक्रोशित ग्रामीणों ने आंदोलन का निर्णय लिया है। ग्रामीण रविवार से तीन दिनों तक लगातार विरोध प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीण रविवार को प्राचीन शिव मंदिर में बुद्धि-शुद्धि यज्ञ भी करेंगे। शनिवार को दूधली में क्षेत्र के ग्रामीणों ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति पर तैयार की। ग्रामीण पहले ही एसडीएम डोईवाला को ज्ञापन देकर आंदोलन का अल्टीमेटम दे चुके है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता गौरव सिंह ने कहा कि सालों से दूधली डोईवाला मार्ग का चौड़ीकरण लटका हुआ है। चौड़ीकरण नहीं होने से ग्रामीण दुर्घटनाओं का शिकार भी हो चुके है। अब निर्णायक संघर्ष का वक्त आ चुका है। कहा कि रविवार को प्राचीन शिव मंदिर नांगल ज्वालापुर में बुद्धि-शुद्धि यज्ञ, सोमवार को शहीद स्मारक पंचायत घर नांगल ज्वालापुर में उपवास और 18 फरवरी को दूधली मार्ग पर प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द चौड़ीकरण के लिए बजट आवंटित नहीं हुआ तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर रफल सिंह, सुनील दत्त, श्याम सिंह, विरेंद्र थापा, दुर्गा बहादुर, प्रेमा पांडे, उमेद वोरा, नेहा आदि मौजूद रहे।