राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर चीला कॉरिडोर बीट में पेट्रोलिंग कर रहे दो वन आरक्षियों पर कुछ लोगों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायल वन आरक्षियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मोतीचूर वन क्षेत्राधिकारी महेश सेमवाल ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे मोतीचूर रेंज के चीला कॉरिडोर बीट में वन आरक्षी सत्येंद्र जयाडा और अभय खुगसाल पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कॉरिडोर क्षेत्र में बकरियां चरा रहे कुछ लोगों को दिखा और उनको प्रतिबंधित पार्क क्षेत्र में बकरी चराने से मना किया। जिसके बाद बकरी चरा रहे एक युवक ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुलाया और उनके साथ मिलकर कर्मियों पर हमला कर दिया। जिसमें दोनों वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद उपवन क्षेत्र अधिकारी दिनेश डुमरियाल मौके पर पहुंचे। दोनों घायल वनकर्मियों को एम्स ऋषिकेश से भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस संबंध में रायवाला पुलिस को तहरीर दी गई है। सेक्शन अधिकारी मनोज चौहान ने रायवाला पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि हमला करने वालों में हरिपुरकलां निवासी नाहर सिंह व अन्य शामिल थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वही प्रतिबंधित पार्क क्षेत्र में घुसने और वनकर्मियों पर हमला करने के मामले में पार्क अधिनियम के तहत भी कार्रवाई करने की बात सामने आ रही है।