ऋषिकेश। आईएसबीटी क्षेत्र में ट्रांजिट कैंप के तीन नंबर गेट के पास सड़क के क्षतिग्रस्त होने से दोपहिया वाहन सवार चोटिल हो रहे हैं। वहीं इन गड्ढ़ों में बसों की कमानी के पट्टे भी खराब हो रहे है। ट्रांसपोर्टरों की ओर से शिकायत दर्ज करने के बाद भी नगर निगम प्रशासन की ओर से सड़क को ठीक करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ट्रांजिट कैंप के गेट नंबर तीन की ओर जाने वाली सड़क पर करीब दो साल पहले जल संस्थान ने पेयजल लाइन बिछाई थी। उस दौरान सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसके बाद नगर निगम की ओर से क्षतिग्रस्त सड़क पर सीमेंट कंकरीट बिछाया गया था लेकिन खराब गुणवत्ता होने के कारण सड़क चंद दिनाें में ही दरक गई थी। ट्रांसपोर्टर मेघ सिंह चौहान, भोला जोशी, अनिल रावत ने बताया कि ट्रांजिट कैंप के तीन नंबर गेट की ओर से वाली सड़क क्षतिग्रस्त होने कारण वाहनों की कमानी क्षतिग्रस्त हो रही है। नगर निगम के निर्माण अनुभाग में मौखिक और लिखित शिकायत दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, नगर निगम के अधिशासी अभियंता अनिल नेगी ने बताया कि उक्त स्थान पर सड़क की मरम्मत करने के लिए जेई को सर्वे के लिए भेजा गया है। जल्द ही सड़क की मरम्मत की जाएगी।