ऋषिकेश में रोडवेज कर्मचारियों का प्रदर्शन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन की शाखा ऋषिकेश की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया गया है। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के चलते ऋषिकेश से संचालित होने वाली कई प्रमुख मार्गों की बस सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। इससे यात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यूनियन की ओर से बकाया तीन महीने का वेतन जारी करने, प्रत्येक महीने की सात तारीख तक वेतन देने और समान कार्य के बदले समान वेतन लागू करने की मांग की जा रही है। इसके अलावा नियमित कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने और सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों का लंबित भुगतान जारी करने की मांग भी शामिल है।
कार्य बहिष्कार में रोडवेज के चालक, परिचालक और लिपिक शामिल हुए हैं। कर्मचारियों के काम पर नहीं आने से ऋषिकेश-देहरादून, ऋषिकेश-लखनऊ, ऋषिकेश-बरेली, ऋषिकेश-कानपुर और ऋषिकेश-दिल्ली मार्गों पर बसों का संचालन प्रभावित हुआ है। इन मार्गों पर बस सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
ये भी पढे़ं...केदारनाथ: बर्फ की सफेद चादर में सजा बाबा केदार का धाम, बर्फबारी के बीच भी दर्शन कर रहे श्रद्धालु, तस्वीरें
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के शाखा मंत्री संदीप कश्यप ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर लंबे समय से समस्या बनी हुई है। यूनियन की ओर से मांगों के समाधान के लिए कार्य बहिष्कार शुरू किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मुख्यालय की ओर से मांगों के संबंध में लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। यूनियन का कहना है कि लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही आगे की स्थिति पर निर्णय लिया जाएगा।