- मौके पर पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष और तहसीलदार, समझाने का किया प्रयास,वार्ता रही विफल
ढालवाला। मुनि की रेती ढालवाला क्षेत्र के अंतर्गत गंगा वाटिका के समीप चंद्रभागा नदी के पास जापानी तकनीक से बनाए जा रहे 300 केएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण पर स्थानीय लोगों का आक्रोश और विरोध प्रदर्शन मंगलवार से लगातार जारी है।
दिसंबर 2025 में 1000 वर्ग मीटर वन विभाग से भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई थी। इसके बाद डिजाइन की प्रक्रिया पूरी कर मार्च 2026 में कार्य प्रारंभ कराया गया। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही स्थानीय निवासियों ने बार-बार विरोध कर किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था ने स्थानीय निवासियों के साथ कई बार आम सहमति बनाने का प्रयास किया लेकिन स्थानीय निवासियों के कड़े विरोध के चलते अब तक सहमति नहीं बन पाई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस प्लांट के घनी आबादी के बीच बनने से क्षेत्र में हमेशा दुर्गंध फैलने की आशंका बनी रहेगी। इसके अलावा, बरसात के दिनों में नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर उनके घरों तक पहुंचने का गंभीर खतरा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्लांट के निर्माण कार्य को घनी आबादी वाले क्षेत्र से दूर किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाना चाहिए। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नगरपालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और तहसीलदार तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों को शांत कराते हुए समझाने का प्रयास किया कि आधुनिक जापानी तकनीक से बनने वाले इस प्लांट से दुर्गंध या अन्य कोई समस्या उत्पन्न नहीं होगी और लोगों की सभी आशंकाओं का पूरी तरह समाधान कर दिया गया है। हालांकि, इसके बावजूद स्थानीय लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है और विरोध का सिलसिला जारी है। इस विषय पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से बैठक कर चर्चा किए जाने की संभावना है।