सात और आठ अक्तूबर को मसूरी टाउन हाल में आयोजित होने वाली यूनाइटेड शोतोकान राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में एके फाइट क्लब के 30 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। जिसके लिए क्लब ने एक दिवसीय कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया।
क्लब के मुख्य प्रशिक्षक अजय कुमार ने बताया कि अगस्त में नॉर्थ इंडिया कराटे प्रतियोगिता में उत्तराखंड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था। अब ऑल इंडिया कराटे प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए क्लब के खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इस प्रतियोगिता में 20 राज्यों के करीब 800 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। जिसमें उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, केरल, जम्मू कश्मीर, तेलंगाना, राजस्थान आदि राज्यों के अतिरिक्त आईटीबीपी, दिल्ली पुलिस जैसी टीमें प्रतिभाग करेंगी। सोमवार को क्लब की ओर से कराटे प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। इस मौके पर कराटे कोच दिनेश राणा, नवीन रयाल, मोहन राणा, सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।