- बेरिकेडिंग नहीं होने से मुखर्जी मार्ग और क्षेत्र रोड पर बिगड़े हालात
- पैदल चलने वाले ग्राहकों और व्यापारियों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। दीपावली पर्व पर खरीदारी के लिए स्थानीय, ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग तीर्थनगरी के बाजारों का रुख कर रहे हैं। इससे बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही, लेकिन त्योहार की भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस और प्रशासन की तैयारियां नाकाम साबित हो रही हैं। बाजारों में भीड़ होने के बावजूद चौपहिया और तिपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं लगाई गई। इससे पैदल खरीदारी करने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी बाजारों में यातायात व्यवस्था बिगड़ती नजर आ रही है। दीपावली के मद्देनजर बाजारों में भीड़ बढ़ने के बावजूद भी चौपहिया वाहनों का प्रवेश हो रहा है। व्यापारियों के अनुसार, यदि समय रहते बाजारों के प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों को बाहर ही रोक दिया जाता, तो जाम की स्थिति पैदा नहीं होती।व्यापारियों का कहना है कि वाहनों की आवाजाही और जाम के कारण ग्राहक दुकानों तक पहुंचने से बच रहे हैं जिसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है। यातायात प्रभारी रविकांत ने बताया कि दीपावली त्योहार को देखते हुए चाकचौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं, कुछ लोग बैरिकेड्स हटाकर वाहनों को भीड़ भाड़ वाले बाजारों में ले जा रहे हैंं।