चंद्रेश्वर नगर में सरकारी जमीन पर बनाए गए दो मंजिला भवन को ध्वस्त कर दिया गया। वर्तमान में यहां कोई नहीं रह रहा है। निर्माण के ध्वस्त होने से चंद्रेश्वर नगर तक जाने के लिए अब एक वैकल्पिक मार्ग भी बन जाएगा, जिससे चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों के अलावा स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।
बुधवार को सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट के नेतृत्व में निगम की टीम चंद्रेश्वर नगर पहुंची। जेसीबी की मदद से दो मंजिला भवन को ध्वस्त कर दिया गया। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि चंद्रेश्वर नगर में किसी व्यक्ति ने करीब दस साल पहले सरकारी जमीन पर निर्माण कर दिया था, इससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गई थी। चंद्रेश्वर नगर जाने वाले मार्ग पर अधिकांश समय जाम की स्थिति बनी रहती है।
नगर आयुक्त ने दो मंजिला भवन को ध्वस्त करने के आदेश दिए थे। नगर निगम की ओर से बीते 28 जनवरी को निर्माण ध्वस्त करने के लिए नोटिस जारी किया गया, लेकिन नोटिस लेने वाला कोई नहीं मिला। निगम ने आगे की प्रक्रिया करते हुए दो मंजिला भवन को ध्वस्त कर दिया।