कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र के गांव सढोली में पतंगबाजी पर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने ग्राम प्रधान के परिवार पर घर में घुसकर महिला और बच्चों से मारपीट करने व जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। मामले में लखनौता चौकी में तहरीर दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्रधान पक्ष के अनुसार परिवार का एक बच्चा पतंग उड़ा रहा था। पेच लड़ने के बाद पतंग कटकर दूसरे घर की छत पर जा गिरी। पतंग लेने को लेकर वहां मौजूद बच्चे से धक्का-मुक्की हुई और पतंग फट गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के बच्चे ने उनके बच्चे के साथ बेल्ट से मारपीट की। शोर होने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया।
वहीं, दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान की पत्नी, उसके भाई समेत करीब 10-12 लोग घर में घुस आए और लड़की व दो छोटे बच्चों के साथ मारपीट की। परिवार के मुखिया के अनुसार, घटना के समय वह और उसकी पत्नी घर पर नहीं थे। बाद में पहुंची पत्नी के साथ भी मारपीट की गई जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर होने का दावा किया गया है। घायलों को देहरादून रेफर किए जाने की बात कही गई है। ग्राम प्रधान ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि पतंग को लेकर कहासुनी हुई थी और मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।